रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 में पश्चिम बंगाल के लिए रिकॉर्ड 14 हजार 205 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया है। उन्होंने बताया कि 2009 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के कार्यकाल में राज्य का रेल बजट मात्र 4 हजार 300 करोड़ रुपये था।
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने बताया कि पश्चिम बंगाल में रेल परियोजनाओं के लिए 4 हजार 662 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक केवल 27 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई रेल परियोजनाएं ऐसी हैं, जहां भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है।
महाराष्ट्र के बारे में बात करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि रेल विकास कार्य व्यापक रूप से चल रहा है और राज्य में वर्तमान में 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में रेलवे के लिए बजट आवंटन 23 हजार 926 करोड़ रुपये है, जो यूपीए सरकार के दौरान मात्र एक हजार 100 करोड़ रुपये था। श्री वैष्णव ने कहा कि राज्य के औद्योगिक शहरों को जोड़ने के लिए कई नई परियोजनाएं भी शुरू की गई हैं।