जनवरी 8, 2026 10:31 अपराह्न

printer

बंदरगाह आधारित विकास को प्राथमिकता दे रही है केंद्र सरकार: सर्बानंद सोनोवाल

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने बंदरगाह आधारित विकास को प्राथमिकता दी है और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए समग्र दृष्टिकोण अपना रही है। चेन्नई में आज कई योजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर अपने संबोधन में श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण देश के सभी बंदरगाहों का विकास करके एक विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में शुरू की गई अभिनव योजनाओं से रोजगार सृजित हुआ है और परिवहन लागत में कमी आई है।

विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि देश के नौ प्रमुख बंदरगाह विश्व के शीर्ष एक सौ बंदरगाहों में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आंतरिक जलमार्गों और समुद्री मार्गों को बढावा दिया है। उन्होंने कहा कि पुराने औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त कर दिया गया है और समुद्री व्यापार को लाभ पहुंचाने के लिए नए कानून लागू किए गए हैं। श्री सोनोवाल ने कहा कि चेन्नई स्थित कामराज बंदरगाह को विश्व बैंक द्वारा तीसरे सर्वश्रेष्ठ लघु कंटेनर बंदरगाह का दर्जा दिया गया है क्योंकि इसने लगातार तीन वर्षों में एक हजार करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सागर माला योजना ने समुद्री क्षेत्र में सर्वोत्तम परिणाम दिए हैं।