बंगलादेश ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईंधन ला रहे अपने जहाजों को होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सुरक्षित गुजरने देने का ईरान से अनुरोध किया है। ऊर्जा मंत्री इकबाल हसन महमूद ने कल कहा कि बंगलादेश ने ईरान से अनुरोध किया है कि वह होर्मुज जल-डमरू-मध्य से ईंधन और ऊर्जा उत्पाद ला रहे बांग्लादेशी जहाजों को सुरक्षित आने दे।
स्थानीय मीडिया के अनुसार इकबाल हसन ने कहा कि बंगलादेश को ईरान से सकारात्मक जवाब की उम्मीद है। हालांकि ईरान ने बृहस्पतिवार तक अनुरोध का औपचारिक जवाब नहीं दिया है। इससे पहले बंगलादेश में ईरान के राजदूत जलील रहीमी जहानाबादी ने सोमवार को ढाका के सचिवालय में ऊर्जा मंत्री से मुलाकात के दौरान सहयोग का आश्वासन दिया था।
बंगलादेश सालाना छह मिलियन टन से अधिक कच्चे और परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पाद आयात करता है और ऊर्जा आपूर्ति के लिए इस मार्ग पर प्रमुख रूप से निर्भर है। इस बीच, वित्त और योजना मंत्री अमीर खोसरू महमूद चौधरी ने संकट के दौरान रूस से तेल खरीदने देने के लिए अमरीका से अस्थायी छूट मांगी है।