फ़रवरी 17, 2026 10:20 अपराह्न

printer

फ्रांस के साथ रणनीतिक साझेदारी से सहयोग के असीम अवसर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि फ्रांस के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के असीमित अवसर सृजित किए हैं। रक्षामंत्री कर्नाटक के वेमागल में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एयर बस के एच125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर असेंबली संयंत्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

    रक्षा मंत्री ने बताया कि वेमागल के इस संयंत्र में एक हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे रोजगार के व्‍यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि एच125 सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर वैश्विक स्तर पर विश्वसनीय है और इसमें निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। ‘मेक इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि इनसे मूल उपकरण निर्माताओं के साथ भारत में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विमान सी295 परियोजना इसका जीता-जागता उदाहरण है। श्री सिंह ने बताया कि आयुध कारखानों के निगमीकरण, निवेश योजनाओं के उदारीकरण, औद्योगिक गलियारों की स्थापना और उत्पादन लिंक प्रोत्साहन योजनाओं ने सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यमों – एम.एस.एम.ई, स्टार्टअप्स और निजी क्षेत्र को रक्षा उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया है।