फ़रवरी 6, 2026 8:51 अपराह्न

printer

फ्रांस ने ग्रीनलैंड में दूतावास खोले जाने की घोषणा की

फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने आज यह घोषणा की कि फ्रांस ने ग्रीनलैंड में एक दूतावास खोला है। डेनमार्क के इस स्वायत्त क्षेत्र में राजनयिक मिशन स्थापित करने वाला वह यूरोपीय संघ का पहला देश बन गया है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जीन-नोएल पोइरियर ने ग्रीनलैंड की राजधानी नुक में महावाणिज्य दूत के रूप में अपना पद संभाल लिया है। यह कदम फ्रांस के वाणिज्‍य दूत नेटवर्क को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।
 
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने पिछले महीने कहा था कि दूतावास खोलना एक राजनीतिक संकेत देता है। यह कदम ग्रीनलैंड में सभी स्तरों पर अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के फ्रांस के इरादे को दर्शाता है। अन्य देश भी नुक में अपनी राजनयिक उपस्थिति बढ़ा रहे हैं। यह कदम अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की बार-बार की गई टिप्पणियों के बाद उठाया गया है कि वह डेनमार्क साम्राज्य के भीतर एक स्व-शासित क्षेत्र ग्रीनलैंड को हासिल करना चाहते हैं। राष्‍ट्रपति ट्रंप की इन टिप्‍पणियों पर पूरे यूरोप में कड़ा विरोध हुआ है।