फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्सांदर स्तूब ने भारतीय कंपनियों को फिनलैंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। वे आज मुंबई में आयोजित भारत-फिनलैंड व्यापार मंच को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अमरीका की अस्थिर व्यापार नीतियों के कारण कई अन्य देश अपने व्यापारिक संबंध बढ़ा रहे हैं। श्री स्तूब ने भारत में पिछले कुछ वर्षों में हुए बुनियादी ढांचे, सड़कों और इमारतों के सुधार की सराहना की।
इससे पहले, श्री स्तूब ने मुंबई विश्वविद्यालय में विद्वानों और छात्रों को संबोधित किया। महाराष्ट्र सरकार ने तीन फिनलैंड की कंपनियों के साथ ससून डॉक के आधुनिकीकरण और इसे विश्व स्तरीय मछली पकड़ने के बंदरगाह में बदलने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। महाराष्ट्र मत्स्य विकास निगम ने एक कार्यक्रम में फिनलैंड स्थित कंपनियों हेलवर, मिरासिस और रिवर रिसाइकल के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए।