मार्च 12, 2026 12:12 अपराह्न

printer

फारस की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों पर समुद्री हमले की खबर से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा

इराक और संयुक्त अरब अमीरात के पास फारस की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए एक समुद्री हमले की खबर के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। उत्तरी खाड़ी में समुद्री सुरक्षा घटना के बाद यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस -यूकेएमटीओ ने तत्काल “हमले” की चेतावनी जारी की है। एजेंसी के अनुसार यह घटना अल बसरा से लगभग पांच समुद्री मील दक्षिण में हुई। यूकेएमटीओ ने बताया कि एक कंपनी सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से यह सूचना प्राप्त हुई थी। क्षेत्र में संचालित जहाजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। एजेंसी ने सुरक्षा निर्देश जारी कर जहाजों से सतर्क रहने और क्षेत्र से गुजरते समय किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने का आग्रह किया है।

यूकेएमटीओ ने जेबेल अली से लगभग 35 समुद्री मील उत्तर में हुई एक अन्य घटना की भी सूचना दी। एक कंटेनर जहाज के कप्तान ने अधिकारियों को सूचित किया कि जहाज पर एक अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ था, जिससे जहाज पर आग लग गई थी। चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

इस बीच, तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू ने बताया कि फारस की खाड़ी में उम क़सर बंदरगाह के पास कथित हमले में एक विदेशी तेल टैंकर में आग लग गई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कल जहाज को निशाना बनाया गया था और इसका वीडियो वायरल हो रहा है। एजेंसी का आरोप है कि टैंकर पर ईरान ने हमला किया था, हालांकि इस दावे की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हुई है। समुद्री अधिकारियों ने क्षेत्र में जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घटना की जांच जारी है।