मार्च 3, 2026 8:19 पूर्वाह्न

printer

फंसे यात्रियों की वापसी के लिए इंडिगो जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें करेगा संचालित

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि फंसे हुए यात्रियों की वापसी के लिए इंडिगो एयरलाइन ने आज जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। ये उड़ानें आवश्यक स्वीकृतियों और मौजूदा हवाई क्षेत्र की स्थितियों के अधीन संचालित की जाएंगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इंडिगो यात्रियों की सुविधा के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने इस संबंध में नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक उच्च स्तरीय बैठक की समीक्षा भी की।

मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में बदलती हवाई क्षेत्र की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ने वाले प्रभाव की लगातार निगरानी कर रहा है। मंत्रालय ने आगे कहा कि एयरलाइंस सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विदेशी विमानन प्राधिकरणों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे जाने से पहले से नवीनतम उड़ान स्थिति की जांच कर लें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।