प्रोजेक्ट वीर गाथा के पांचवें संस्करण में लगभग एक लाख 90 हजार स्कूलों के एक करोड़ 92 लाख विद्यार्थियों ने रिकॉर्ड स्तर पर भाग लिया। वीर गाथा रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 18 देशों के सीबीएसई से संबद्ध 91 स्कूलों के 28 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पहली बार इसमें भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर पर सौ विजेताओं का चयन किया गया है। ये विजेता गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वीर गाथा का पांचवां संस्करण पिछले वर्ष 8 सितंबर को शुरू हुआ था। पहली बार, इस पहल में वीडियोग्राफी, एंकरिंग, रिपोर्टिंग और कहानी सुनाने जैसे लघु वीडियो प्रारूपों को शामिल किया गया। इसने विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सैन्य परंपराओं, रणनीतियों, अभियानों और वीरता से जुड़ी विरासतों पर केंद्रित सामग्री बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।