प्रसिद्ध ओडिया फिल्म अभिनेता उत्तम मोहंती का कल रात गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे लीवर सिरोसिस की बीमारी से पीड़ित थे। आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ओडिया फिल्म उद्योग में उत्तम ने 130 से अधिक ओडिया फिल्मों में अभिनय किया और क्षेत्रीय सिनेमा में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने 30 बंगाली फिल्मों और एक हिंदी फिल्म ‘नया जहर’ में अभिनय किया।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उत्तम के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तम मोहंती को उनके जीवंत अभिनय के लिए हमेशा याद किया जाएगा। श्री माझी ने कहा कि उत्तम ने ओडिया सिनेमा में जो छाप छोड़ी है, वह उन्हें हमेशा दर्शकों के दिलों में बनाए रखेगी। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और धर्मेंद्र प्रधान तथा अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।