कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डा0 जितेंद्र सिंह ने कहा कि विभागों में प्रशासनिक दक्षता और करियर में प्रगति के लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ संवाद आवश्यक है। उन्होंने नई दिल्ली में सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ और केंद्रीय सचिवालय समूह-सी कर्मचारी संघ सहित कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति और सेवा शर्तों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाल के वर्षों में 10 हजार से अधिक सामूहिक पदोन्नतियों के लिए कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की सराहना की। प्रतिनिधिमंडलों ने कार्मिक मंत्री के समक्ष कैडर पुनर्गठन, वेतन समानता, भत्ते और पदोन्नति के अवसरों से संबंधित कुछ लंबित मुद्दे भी रखे। डॉ. सिंह ने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के परामर्श से जांच की जाएगी।