मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जीवन मानवता का संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के 4 करोड़ से अधिक परिवारों के लिए घर बनाए और देशवासियों के लिए खुशियां बांटी। सबका साथ, सबका विकास, सबका-विश्वास और सबका प्रयास को सार्थक करके दिखाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल भोपाल में आयोजित दीप पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर बच्चों और सफाई मित्रो के साथ दीपावली मनाई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी समानता, निस्वार्थ सेवाभाव और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। हमें भी उनके जीवन का अनुसरण कर दीपावली का पर्व मनाना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष दीपावली एक-दूसरे को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मनाए। इससे प्रेम और समानता का भाव आता है। मिल बांटकर खाने में ही असली खुशी मिलती है। यही हमारे संस्कार है। हमारे सभी त्यौहार खुशियों और आनंद का त्यौहार है। दीपावली का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ समानता का पर्व भी है।