प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। मणिपुर के इंफाल में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमालय की गोद में बसा नेपाल, भारत का घनिष्ठ मित्र और विश्वसनीय साझेदार है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल साझा इतिहास, आस्था और सामूहिक यात्रा से जुड़ें हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती सुशीला कार्की नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में श्रीमती सुशीला की नियुक्ति महिला सशक्तिकरण का एक उल्लेखनीय उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
नेपाल में युवाओं द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के बाद के पी शर्मा ओली सरकार सत्ता से बेदखल हो गई थी। जिसके बाद नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की देश की अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं।