प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर चर्चा की। श्री मोदी ने सऊदी अरब पर हुए हालिया हमलों की निंदा की और हमलों को संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया। सोशल मीडिया पर पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने इन कठिन समय में भारतीय समुदाय के कल्याण का ध्यान रखने के लिए सलमान का आभार भी व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा से भी टेलीफोन पर बातचीत की। बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत इस कठिन घड़ी में बहरीन के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। साथ ही उन्होंने भारतीय समुदाय को निरंतर सहयोग देने के लिए बहरीन के राजा का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से भी बात की और क्षेत्र की बदलती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। श्री मोदी ने जॉर्डन के लोगों की शांति, सुरक्षा और भलाई के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने इस कठिन घड़ी में जॉर्डन में भारतीय समुदाय का ध्यान रखने के लिए राजा अब्दुल्ला का आभार व्यक्त किया।