फ़रवरी 21, 2026 10:31 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई की आधारशिला रखीं, कहा- वैश्विक चिप निर्माण में भारत की भागीदारी होगी मज़बूत

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ की आधारशिला रखी। यह, जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में एचसीएल-फॉक्सकॉन की संयुक्त विनिर्माण इकाई है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एचसीएल-फॉक्सकॉन विनिर्माण इकाई की स्थापना तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों क्षेत्रों में समानांतर रूप से कार्य कर रहा है और यह गर्व का विषय है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर पारितंत्र का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस नई विनिर्माण इकाई से उत्तर प्रदेश को तकनीकी शक्ति के रूप में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह दशक भारत का टेक्नोलॉजी दशक है और इस दौरान प्रौद्योगिकी क्षेत्र में किया गया कार्य 21वीं सदी में देश की मजबूती का आधार बनेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिप निर्माण में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने यह भी कहा कि समिट के माध्यम से दुनिया ने भारत की एआई क्षमताओं को देखा और उसकी सराहना की।

इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में एक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण बहुत कम था, लेकिन वर्तमान में देश में 12 लाख करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स देश का तीसरा सबसे बड़ा निर्यात क्षेत्र बन चुका है, जिसमें उत्तर प्रदेश का प्रमुख योगदान है। उन्होंने कहा कि यह प्लांट तीन करोड़ 60 लाख चिप्स का उत्पादन करेगा। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का जिक्र करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि इस भव्य आयोजन में 118 देशों और संगठनों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 86 देशों ने एआई इम्पैक्ट पर ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पर हस्ताक्षर और समर्थन किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर एक प्रमुख आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और समग्र विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला