अगस्त 15, 2025 9:02 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से दिया संदेश-लहू और पानी एक साथ नहीं बहेंगे

राष्ट्र आज उनयासीवां स्वाधीनता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में ऐतिहासिक लालकिले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का नेतृत्व किया। लालकिले के प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के जांबाज़ सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर देश के सशस्त्र बलों के साहस और शौर्य का सशक्त साक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने सशस्त्र बलों को रणनीति तैयार करने, लक्ष्य और समय तय करने की खुली छूट दी, और हमारी सेना ने वो करके दिखाया, जो कई दशकों तक कभी हुआ नहीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अब फैसला कर लिया है कि लहू और पानी एक साथ नहीं बहेंगे। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने अब समझ लिया है कि सिंधु जल समझौता अनुचित था और भारत परमाणु हमले की धमकी अब बर्दाश्त नहीं करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुश्मनों को करारा जवाब देने के लिए सशक्त हथियार प्रणाली – सुदर्शन चक्र मिशन शुरू करेगा।

अब देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेगा। ये मिशन सुदर्शन चक्र एक पावरफुल वैपन सिस्टम दुश्मन के हमले को न्यूटीलाइज तो करेगा ही करेगा, लेकिन कई गुना ज्यादा दुश्मन पर हिट पैक करेगा। आने वाले 10 सालों में हम उसको प्रखरता से आगे बढ़ना चाहते हैं।

श्री मोदी ने एक लाख करोड़ रूपये से प्रमुख रोजगार योजना शुरू करने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना आज ही 15 अगस्त को लागू हो रही है। यह आपके लिए खुशखबरी है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले नौजवान को, बेटे-बेटी को 15 हजार रूपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। कंपनियों को भी नए रोजगार देने के अवसर जो भी ज्यादा जुटाएगा, उनको भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा है कि आगामी दीपावली तक नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से सामान्य लोगों, किसानों और मध्य वर्ग को राहत मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

प्रधानमंत्री ने नेक्स्ट जेनरेशन सुधारों को लागू करने के लिए टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा की। इसी तरह श्री मोदी ने समुद्री संसाधनों के दोहन के लिए गहरे-जल में खोज के उद्देश्य से राष्ट्रीय मिशन बनाने और इस साल के अंत तक मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स शुरू करने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बस्तर का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय बस्तर का नाम लेते ही नक्सलवाद और हिंसा की याद आती है, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। श्री मोदी ने कहा कि आज बस्तर के नौजवान बंदूक की जगह खेलों में आगे बढ़ रहे हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन वहां के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और उत्साह का प्रतीक बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस बदलाव को सुरक्षा विकास और लोगांं की सहभागिता का परिणाम बताया।