फ़रवरी 16, 2026 9:55 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन किया। वे एक्सपो में कई स्टॉल पर भी गए। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी उपस्थित थे। 20 फरवरी तक चलने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का आयोजन भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में किया जा रहा है। यह एक्सपो एआई को व्यवहार में प्रदर्शित करने वाले एक राष्ट्रीय मंच के रूप में काम करेगा, जहां नवाचार बड़े पैमाने पर लागू होता है और प्रौद्योगिकी की पहुंच आम नागरिक तक होती है।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 आज शुरू हुआ। यह ग्‍लोबल साउथ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पहला वैश्विक सम्मेलन है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 19 फरवरी को उद्घाटन भाषण देंगे, जो वैश्विक सहयोग और समावेशी तथा जिम्मेदार एआई के लिए भारत के दृष्टिकोण को दिशा प्रदान करेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत के विकास का एक प्रमुख साधन है, जिससे शासन में मजबूती आएगी और विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप सार्वजनिक सेवा में परिवर्तन होगा।