भारतीय जनता पार्टी – भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि तमिलनाडु की जनता राज्य में सरकार परिवर्तन के लिए तैयार है। मदुरंथकम में आज अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डीएमके शासन और कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान राज्य में कोई विकास नहीं हुआ।
डीएमके सरकार की तमाम नाकामियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को ‘सीएमसी’ यानी भ्रष्टाचार, माफिया और अपराध का मिश्रण कहा जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य की जनता इस अक्षम सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। मौजूदा सरकार सिर्फ परिवारवाद और वंशवादी शासन का नमूना है और जनता – कल्याण विरोधी है।
उन्होंने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए सरकार ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ग्यारह लाख करोड़ रुपये आवंटित किए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डीएमके सरकार ने युवाओं, किसानों और महिलाओं के कल्याण की अनदेखी की और संगम युग के सांस्कृतिक मूल्यों का सम्मान नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के अन्तर्गत राज्य में रेल परियोजनाओं में सात गुना वृद्धि हुई है और 50 हजार किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं और छोटे व्यापारियों को छह करोड़ रुपये का मुद्रा ऋण दिया गया है। सरकारी लाभार्थियों के कल्याण के लिए बैंक खाते खोले गए हैं ताकि बिना किसी परेशानी के धनराशि उन तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु ड्रग माफिया के चंगुल में फंसा हुआ है और स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को निशाना बनाया जा रहा है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों -एम.एस.एम.ई के लिए तीन लाख करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि डीएमके सरकार ने तिरुप्पारनकुंड्रम मामले में हिंदुओं की भावनाओं के विरुद्ध काम किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है और जनता को आश्वासन दिया कि यदि दोहरी इंजन वाली सरकार सत्ता में आती है, तो राज्य का विकास होगा और योजनाओं को लागू करने में सहयोग मिलेगा।
राज्य के विपक्ष नेता और एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी पलानीसामी ने कहा कि राज्य में व्यापक भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए डीएमके सरकार को अलविदा कहने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा था, तब डीएमके सरकार परिवारवाद में रुचि रखती थी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में एआईएडीएमके के शासनकाल में उन्होंने एक वर्ष में ग्यारह मेडिकल कॉलेज स्थापित किए।
उन्होंने कोविड काल में विश्व को कोविड की दवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोदी सरकार की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय स्थापित करे और राज्य के बेहतर विकास के लिए काम करे। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि रामदास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति बनने के पथ पर अग्रसर रहेगा। उन्होंने कहा कि यह घटना डीएमके सरकार के अंत की शुरुआत है।