मार्च 4, 2026 8:54 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत, कतर और ओमान के नेताओं से की वार्ता, क्षेत्रीय शांति पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल कुवैत के शहज़ादे शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से टेलीफोन पर बात की। श्री मोदी ने इस दौरान कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत इस कठिन समय में कुवैत के लोगों के साथ है। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की बहाली में संवाद और कूटनीति के महत्व पर बल दिया। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में, कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए कुवैत के नेतृत्व के निरंतर समर्थन की प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बातचीत में कतर के साथ दृढ़ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कतर की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने इस चुनौतीपूर्ण समय में भारतीय समुदाय के लिए कतर के अमीर के निरंतर समर्थन के लिए भी आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से बातचीत में पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए निरंतर राजनयिक संपर्क की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय को ओमान के निरंतर समर्थन की सराहना की।