अक्टूबर 16, 2025 10:05 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने कुरनूल में 13 हज़ार 430 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आंध्र प्रदेश के कुरनूल में लगभग 13 हजार 430 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित किया। ये परियोजनाएँ उद्योग, बिजली ट्रांसमिशन, सड़क, रेलवे, रक्षा विनिर्माण और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सहित प्रमुख क्षेत्रों में फैली हुई हैं। इस अवसर पर कुरनूल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने स्‍वच्‍छ ऊर्जा और बिजली की पहुंच में भारत की तीव्र प्रगति का उल्‍लेख किया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिजली अब हर गांव तक पहुंच चुकी है और प्रति व्‍यक्ति बिजली उपभोग बढ़कर 14 सौ यूनिट हो चुका है। उन्‍होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में इस प्रकार की उपलब्धियां नए मानक निर्धारित कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रायलसीमा का विकास और व्‍यापक आंध्र क्षेत्र राष्‍ट्र की समग्र प्रगति के लिए महत्‍वपूर्ण है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी सुधार के कारण राज्‍य को हो रहे वित्तीय लाभ का भी उल्‍लेख किया। इससे अनुमानित आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की बचत होने की आशा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बचत त्‍यौहारी सीजन को और बेहतर बनाएंगी और लोगों को जागरुकता और भागीदारी के साथ जीएसटी बचत उत्‍सव मनाने के लिए प्रेरित करेंगी।

आंध्र प्रदेश की प्रौद्योगिकी का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने कुरनूल को भारत के पहले ड्रोन हब रूप में स्‍थापित करने संबंधी राज्‍य के प्रयासों की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि ड्रोन उद्योग भविष्‍य के कई क्षेत्रों के लिए द्वार खोलेगा। उन्‍होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसकी सफलता का हवाला दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक जब भारत स्‍वाधीनता के सौ वर्ष पूरे करेगा तो यह वास्‍तव में एक विकसित भारत होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने विशाखापत्तनम को एआई और कनेक्टिविटी हब के रूप में उभरने संबंधी दृष्टिकोण का भी उल्‍लेख किया। यह देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब होगा। गूगल द्वारा एक नया अंतर्राष्ट्रीय गहरे पानी के प्रवेश द्वार बनाने के साथ, यह पहल आंध्र प्रदेश को भारत के डिजिटल भविष्य के केंद्र में स्थापित करेगी।

मुख्‍यमंत्री चन्‍द्रबाबू नायडू और उपमुख्‍यमंत्री पवन कल्‍याण भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री आज सुबह आंध्र प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर कुरनूल पहुँचे। प्रधानमंत्री ने श्रीशैलम स्थित श्री भ्रामराम्बा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम में पूजा-अर्चना की। यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक और 52 शक्तिपीठों में से एक है। प्रधानमंत्री को श्री स्वामी और देवी भ्रामराम्बा के चित्र और वस्त्र भेंट किए गए। बाद में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत को मनाने के लिए श्रीशैलम में श्री शिवाजी स्फूर्ति केंद्र का दौरा किया।