जनवरी 2, 2026 5:49 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद पुष्‍प प्रदर्शिनी की सराहना करते हुए कहा कि यह रचनात्मकता, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ लाने में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह आयोजन शहर की जीवंत भावना और प्रकृति के प्रति प्रेम को दर्शाता है।

14वां अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुष्‍प प्रदर्शिनी का कल शुरू हुई। ‘भारत एक गाथा’ विषय पर आधारित यह प्रदर्शनी देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती है। यह प्रदर्शिनी 22 जनवरी तक चलेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने साबरमती नदी तट पर इसका शुभारंभ किया।

अहमदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित इस आयोजन में बड़े पैमाने पर पुष्प कलाकृतियां प्रदर्शित की जा रही है और बड़ी संख्‍या में लोग इसक देखने पहुंच रहे हैं। विश्व के सबसे बड़े फ्लावर मंडला और विश्व के सरदार वल्लभभाई पटेल के सबसे बड़े फ्लावर पोर्ट्रेट के लिए दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद इस आयोजन ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त की है।
इस प्रदर्शिनी ने लगातार तीसरे वर्ष गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है।