प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जालंधर के डेरा सचखंड बल्लन में संत गुरु रविदास जी की 649वीं प्रकाश पर्व पर उन्हें मत्था टेकी। पद्म श्री संत निरंजन दास और उनके शिष्यों ने उनका अभिनंदन किया।
हमारे जालंधर संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, डेरा पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ रखा। उन्होंने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का वर्चुअल रूप से उद्घाटन भी किया। डेरा में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
संसद में आज पेश किए गए केंद्रीय बजट के बारे में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंजाब और देश के उद्योगों और लघु एवं मध्यम उद्यमों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता पंजाब स्थित होजरी, खेल और अन्य उद्योगों के लिए बाजार खोलेगा। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले भारतीय उत्पाद बनाएं ताकि इस क्षेत्र में राष्ट्र का वह गौरव पुनः प्राप्त किया जा सके जो ब्रिटिश शासन से पहले था।