अगस्त 24, 2025 6:31 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी के जीएसटी में सुधार करने के निर्णय का कैट ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी में और सुधार करने के निर्णय का कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स -कैट ने स्‍वागत किया है। कैट ने इस पहल को जीएसटी को वास्तविक अर्थों में उपभोक्‍ताओं को राहत पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी बताया है।

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजे गए एक पत्र में कैट ने कहा है कि प्रधानमंत्री का जीएसटी को सरल बनाने और कर श्रेणी को तर्कसंगत करने का दृष्टिकोण देश के व्यापार तंत्र को और मजबूत करेगा, जिससे छोटे खुदरा व्यापारी, किराना स्टोर और विशेष रूप से छोटे दुकानदार लाभान्वित होंगे।

 

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भारतीया ने कहा है कि जब जीएसटी कर प्रणाली का पुनर्गठन किया जा रहा है, तो ऐसे में कर श्रेणी को पुनर्परिभाषित करना आवश्यक है। साथ ही, बहु-आयामी अनुपालनों  को कम करना, इन सुधारों का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए।

 

कैट ने आग्रह किया है कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित जीएसटी सुधारों के अंतर्गत कार्बोनेटेड पेयों को 18 प्रतिशत श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत किया जाए। यह कदम छोटे व्यापारियों को वास्तविक राहत देगा, वैल्यू चेन में रोजगार सृजन को प्रोत्साहन देगा और विस्तारित कर आधार से सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी।