प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से कुआलालंपुर की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। दोनों पक्ष अपने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने सहित संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करेंगे।
मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त बी.एन. रेड्डी ने कहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत व्यापार और अर्थव्यवस्था, उभरती प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा और शिक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित होगी। दोनों पक्ष पारंपरिक क्षेत्रों से परे जुड़ाव का विस्तार करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा में प्रवासी भारतीयों के साथ एक बड़ा कार्यक्रम भी होगा। कुआलालंपुर में ‘सेलामत दातंग मोदी जी’ शीर्षक से एक बड़ा सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के मजबूत संबंधों को दर्शाता है।
इस कार्यक्रम में मलेशिया के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाने के साथ बड़े पैमाने पर भागीदारी होने की आशा है।
इस सामुदायिक कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। यह भारत-मलेशिया के संबंधों में बढ़ती निकटता का परिचायक है।