मार्च 12, 2026 2:10 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी कल से असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे; विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री, कल दोपहर में कोकराझार में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी, बोडो प्रादेशिक क्षेत्र में रेलवे कोच मरम्मत कारखाने और छह पुलों का शिलान्यास करेंगे तथा तीन नई रेलवे सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

शाम को प्रधानमंत्री गुवाहाटी में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। श्री मोदी राज्य के पात्र चाय बागान श्रमिकों को प्रतीकात्मक रूप से भूमि पट्टे सौंपेंगे। प्रधानमंत्री 150 मेगावाट की कोपिली जलविद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। श्री मोदी शाम को प्रधानमंत्री-किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के अंतर्गत 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित करेंगे। प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

14 मार्च को, प्रधानमंत्री सिलचर जाएंगे। वे तीन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 24 हजार 205 करोड़ रुपये लागत वाली महत्वपूर्ण रेलवे परियोजना का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 22 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखेंगे। 166 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से यात्रा समय आठ घंटे से साढे चार घंटे रह जाएगा। प्रधानमंत्री सिलचर में 563 करोड़ रुपये की लागत वाले फ्लाईओवर और पथारकंडी में 122 करोड़ रुपये की लागत वाले कृषि महाविद्यालय का शिलान्‍यास करेंगे। प्रधानमंत्री बदरपुर होते हुए सिलचर और चुराइबारी के बीच 655 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इलेक्ट्रिक रेल कनेक्टिविटी परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री सिलचर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला