प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में लगभग 33 हजार 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे लगभग 18 हजार 300 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी दिल्ली मेट्रो के दो नए गलियारे का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें लगभग 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क – मौजपुर बाबरपुर – पिंक लाइन कॉरिडोर और लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक-मजलिस पार्क-मैजेंटा लाइन कॉरिडोर शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली मेट्रो के 16 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाले तीन नए गलियारे का भी शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी सरकारी कर्मियों के आवास और प्रशासनिक कार्यालयों के लिए 15 हजार 200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में चल रही हैं।