प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के डिब्रूगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने मोरन बाईपास पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री आज सुबह आपातकालीन लैंडिंग सुविधा पर उतरे। प्रधानमंत्री ने लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन भी देखा, जिसमें भारतीय वायु सेना के सुखोई Su-30MKI, राफेल, AN-31, तेजस और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों ने भाग लिया।
यह आपातकालीन लैंडिंग सुविधा पूर्वोत्तर भारत में अपनी तरह की पहली सुविधा है, जिसे भारतीय वायु सेना के समन्वय से आपात स्थिति में सैन्य और नागरिक विमानों के उतरने और उड़ान भरने में सहायता के लिए डिजाइन और निर्मित किया गया है। प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वे वहां 5 हजार 450 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 3000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे, जो गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ता है। प्रधानमंत्री लाचित घाट जाएंगे, जहां वे कामरूप जिले के अमीनगांव में स्थित आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के राष्ट्रीय डेटा केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री भारत के चार शहरों के लिए पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को भी रवाना करेंगे। इनमें गुवाहाटी के लिए 100 बसें, नागपुर और भावनगर के लिए 50-50 बसें और चंडीगढ़ के लिए 25 बसें शामिल हैं। प्रधानमंत्री का गुवाहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं के बूथ सम्मेलन को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री आज शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।