जुलाई 5, 2025 2:28 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में पहुंचे; द्विपक्षीय कार्यनीतिक भागीदारी को और मजबूत करने के लिए आज शाम प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी

त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी सफल यात्रा के समापन के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंचे। यह यात्रा पांच देशों की उनकी यात्रा के तीसरे चरण में है, जिसका उद्देश्य ग्‍लोबल साउथ के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूत करना है।

 

अर्जेंटीना की राजधानी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति के साथ भव्‍य स्‍वागत किया गया।

 

श्री मोदी अपनी यात्रा की शुरुआत अर्जेंटीना के प्रतिष्ठित स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रीय नायक जनरल जोस डे सैन मार्टिन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करके करेंगे। जनरल मार्टिन दक्षिण अमेरिका की स्वतंत्रता में एक प्रमुख नेता थे, जिन्होंने अर्जेंटीना, चिली और पेरू को स्पेनिश शासन से मुक्त कराया था।

 

इसके बाद, श्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खोलने के लिए प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति जेवियर माइली द्वारा उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया जाएगा।

 

इस यात्रा से कार्यनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। प्रमुख क्षेत्रों में व्यापार और निवेश, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा और सुरक्षा, बुनियादी ढांचा, खनन और खनिज संसाधन, कृषि और खाद्य सुरक्षा, हरित ऊर्जा, आईसीटी और डिजिटल नवाचार, आपदा प्रबंधन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंध शामिल हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के बीच पिछली मुलाकात पिछले साल नवंबर में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। प्रधानमंत्री ने 2018 में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अर्जेंटीना का दौरा किया था, लेकिन यह 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की अर्जेंटीना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है – जो इसे एक ऐतिहासिक अवसर बनाती है। पांच देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना को लैटिन अमेरिका में एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और जी-20 समूह के भीतर एक करीबी सहयोगी बताया।

 

अर्जेंटीना की अपनी यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया जाने से पहले रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील की यात्रा करेंगे – जो उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव है। पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री ने घाना के अकरा का दौरा किया, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को व्यापक साझेदारी तक बढ़ाने और व्यापक क्षेत्र में संबंधों को मजबूत करने सहित एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला