प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के सिलचर से 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। श्री मोदी ने सिलचर के अंबिकापुर में तीन परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। ये परियोजनाएं हैं- 22 हजार 864 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाला सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर, लगभग 565 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला सिलचर टाउन फ्लाईओवर और 122 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाला पाथरकंडी कृषि महाविद्यालय।
इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि असम की बराक घाटी भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पुल के रूप में उभर रही है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद दशकों तक इस क्षेत्र की उपेक्षा के लिए कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर अब भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का नेतृत्व कर रहा है।
सिलचर में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि बराक घाटी कभी एक महत्वपूर्ण व्यापार केंद्र हुआ करती थी, लेकिन कांग्रेस शासनकाल के दौरान लिये गये निर्णय के कारण रणनीतिक महत्व खो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक देश और राज्य पर शासन करने के बावजूद, कांग्रेस बराक घाटी के विकास पर ध्यान देने में विफल रही।
प्रधानमंत्री मोदी ने अवसंरचना विकास पर बल देते हुए कहा कि सिलचर-शिलांग हाई-स्पीड कॉरिडोर की आधारशिला रखे जाने के साथ एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। यह परियोजना पूर्वोत्तर में पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे होगा। उन्होंने कहा कि लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित 166 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मेघालय और असम के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम होकर यात्रा 5 घंटे में पूरी होगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
श्री मोदी ने कहा कि कैपिटल पॉइंट के पास ट्रंक रोड से सिलचर के रंगिरखारी पॉइंट तक राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर एलिवेटेड कॉरिडोर का पहला चरण सिलचर की सबसे व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक कम करेगा। यह कॉरिडोर मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से बेहतर संपर्क स्थापित करेगा और बराक घाटी के आर्थिक विकास में योगदान देगा।
प्रधानमंत्री ने करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी। यह संस्थान असम में कृषि शिक्षा और अनुसंधान के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा तथा बराक घाटी और आसपास के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली कृषि शिक्षा उपलब्ध कराएगा।
विश्व भर में व्याप्त युद्ध की स्थिति पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि देश के नागरिकों को कम से कम कठिनाइयों का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि देश के नागरिकों पर इस युद्ध का प्रभाव कम पड़े।