फ़रवरी 1, 2026 8:18 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब में संत गुरु रविदास जी जयंती समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर पंजाब के दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी आदमपुर हवाई अड्डे पर जाएंगे और वहां इसका नाम बदलकर श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि पूज्‍यनीय संत और समाज सुधारक को सम्मान देने के लिए यह नामकरण किया गया है। गुरु रविदास जी की समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रहती हैं।

प्रधानमंत्री लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जो लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा। हलवारा में भारतीय वायु सेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केन्‍द्र भी है। लुधियाना के पुराने हवाई अड्डे का रनवे अपेक्षाकृत छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए उपयुक्त था। कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए हलवारा में एक नया नागरिक एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसका रनवे लंबा है और ए320 जैसे विमानों के संचालन में सक्षम है।

प्रधानमंत्री जालंधर जिले के डेरा सचखंड बल्लन भी जाएंगे, जहां वे संत गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके सम्मान में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।