अक्टूबर 7, 2025 1:49 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे; नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।  श्री मोदी लगभग 19 हजार छह सौ 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। यह हवाई अड्डा देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है।

 

 

यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री लगभग 12, 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, वे 37, 270 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत वाली मुंबई मेट्रो लाइन-3 को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मेट्रो लाइन-3 को रेलवे, हवाई अड्डों, अन्य मेट्रो लाइनों और मोनोरेल सेवाओं सहित परिवहन के अन्य साधनों के साथ कुशल एकीकरण सुनिश्चित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

 

 

प्रधानमंत्री 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के लिए भारत के पहले एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप, मुंबई वन, का शुभारंभ करेंगे। यह ऐप यात्रियों को कई सुविधा प्रदान करेगा। जिसमें परिवहन ऑपरेटरों के लिए एकीकृत मोबाइल टिकट और निर्बाध मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी शामिल है। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग की एक अग्रणी पहल, अल्पकालिक रोजगार कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम 400 सरकारी आईटीआई और 150 सरकारी तकनीकी उच्च विद्यालयों में शुरू किया जाएगा, जो रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए उद्योग की आवश्यकताओं के साथ कौशल विकास में की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

 

 

प्रधानमंत्री मोदी 9 अक्टूबर को मुंबई में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर र्स्‍टामर की मेजबानी करेंगे। श्री मोदी और श्री स्टार्मर दृष्टिकोण 2035 के विभिन्‍न आयामों में भारत-ब्रिटेन व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी के क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस भागीदारी में व्‍यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा, जलवायु तथा ऊर्जा जैसे मुख्‍य क्षेत्रों में सहयोग को लेकर दस साल का समयबद्ध प्रारूप का उल्‍लेख है। दोनों नेता भारत- ब्रिटेन व्‍यापक आर्थिक और व्‍यापर समझौते के अंतर्गत अवसर तलाशने के लिए कारोबारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर सकते हैं। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्‍व के मुद्दों पर भी बातचीत होगी।