प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नवनिर्मित कर्तव्य भवन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। कर्तव्य भवन सेंट्रल विस्टा परियोजना का ही एक हिस्सा है। यह भवन प्रशासनिक प्रक्रियाओं और शासन की सुव्यवस्था के उद्देश्य से भविष्य में निर्मित होने वाले केंद्रीय सचिवालय भवनों में पहला है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि कर्तव्य भवन के निर्माण का उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों को साथ लाकर दक्षता, नवाचार और सहयोग को बढावा देना है। वर्तमान में विभिन्न मंत्रालय और विभाग राजधानी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित है। कर्तव्य भवन आधुनिक कार्यालय परिसर है जो करीब डेढ़ लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह भवन प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप आधुनिक, कुशल और नागरिक-केंद्रित शासन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की प्रमुख उपलब्धि साबित होगा।