प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बीसवीं किस्त के तहत 9 करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों को 20,500 करोड़ रुपये जारी करेंगे। वे 2200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारम्भ और शिलान्यास भी करेंगे।
वाराणसी दौरे में प्रधानमंत्री अनेक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। वाराणसी-भदोही मार्ग और चितोनी-शूल टंकेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शुभारम्भ होगा और हरदत्तपुर में रेलवे ओवरब्रिज का उदघाटन किया जाएगा।
पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए श्री मोदी नदी तट के आठ कच्चे घाटों के पुननिर्माण तथा कालिकाधाम में विकास कार्य तथा दुर्गाकुण्ड में जलशुद्धि कार्य का भी शुभारम्भ करेंगे। वे, कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, सारनाथ में नगर सुविधा केन्द्र, लमही में महान उपन्यासकार मुंशी प्रेमचंद के पैतृक घर के पुनर्विकास और संग्रहालय के रूप में इसके उन्नयन कार्य का भी शुभारम्भ होगा। प्रधानमंत्री कंचनपुर में शहरी मियावाकी वन के विकास की आधारशिला रखेंगे तथा शहीद उद्यान और 21 अन्य पार्कों के पुनर्विकास कार्य का भी शुभारम्भ करेंगे। श्री मोदी ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जल-जीवन मिशन के अंतर्गत 47 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का भी शुभारम्भ करेंगे।
वाराणसी दौरे में प्रधानमंत्री 53 विद्यालय भवनों के उन्नयन कार्य का उद्घाटन करेंगे और कई शैक्षणिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। श्री मोदी महात्मा पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केन्द्र और होमीभाभा कैंसर अस्पताल में रोबोटिक्स सर्जरी और सी.टी. स्कैन केन्द्र सहित उन्नत चिकित्सा उपकरण प्रतिष्ठानों का उद्घाटन करेंगे। वे होम्योपैथिक कॉलेज और अस्पताल की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक हॉकी टर्फ का उद्घाटन करेंगे। वे दिव्यांगजन और वरिष्ठ जन को सात हजार चार सौ से अधिक सहयोगी उपकरण भी वितरित करेंगे।