जुलाई 27, 2025 3:51 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी महान चोल सम्राट राजेंद्र चोल-प्रथम के जयंती महोत्सव- तिरुवथिरई के समापन समारोह में हुए शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज तमिलनाडु के अरियालुर जिले में महान चोल सम्राट राजेंद्र चोल-प्रथम के जयंती महोत्सव- तिरुवथिरई के समापन समारोह में भाग ले रहे हैं। राजेंद्र चोल-प्रथम भारत के महानतम सम्राटों में से एक थे। प्रधानमंत्री उनके सम्मान में एक स्मारक-सिक्का भी जारी करेंगे। आज के समारोह में, संगीतकार इलैय्या राजा ने भी एक प्रस्‍तुति दी।

यह महोत्‍सव राजेंद्र चोल प्रथम के दक्षिण-पूर्व एशिया के समुद्री अभियान और यूनेस्को द्वारा सूचीबद्ध गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर के निर्माण की एक हज़ारवीं वर्षगांठ का भी प्रतीक है। यह तमिल आध्यात्मिक विरासत, शैव भक्ति और भारत के प्राचीन समुद्री संबंधों का भी उत्सव है।

तमिलनाडु की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन श्री मोदी ने जिले के गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

प्रधानमंत्री ने एक भव्य रोड-शो भी किया। रास्ते के दोनों ओर भारी संख्‍या में लोग जमा थे। लोग हाथों में झंडे लेकर उनके स्वागत में नारे लगा रहे थे। पूरे गांव में उत्सव का माहौल था। मंदिरों का शहर फूलों, पारंपरिक झंडों और चोल-युग के प्रतीकों से खूबसूरती से सजा था।