प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने कार्यकाल के चार हजार 78 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के लगातार कार्यकाल चार हजार 77 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने के कीर्तिमान को पीछे छोड़ दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यह सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, समर्थन और लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने 26 मई 2014 को देश की बागडोर संभाली थी और तब से अब तक लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह सफर सिर्फ एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है बल्कि यह हर उस भारतीय की खुशी और गर्व का पल है, जो लोकतंत्र, स्थिरता और प्रगति में विश्वास रखता है।