प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज घाना की राजधानी अकरा में वहां की संसद को संबोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि इस सम्मानित सदन को संबोधित करते हुए उन्हें बहुत गर्व का अनुभव हो रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि घाना की यात्रा उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी भूमि है जो लोकतंत्र की भावना को प्रसारित करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रतिनिधि के रूप में, वे अपने साथ 140 करोड भारतीयों की सद्भावना और शुभकामनाएं लेकर आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज घाना की उपराष्ट्रपति जेन नाना ओपोकू-अग्येमांग के साथ अकरा में क्वामे नक्रूमा मेमोरियल पार्क-केएनएमपी का दौरा किया।
यह स्मारक घाना के प्रमुख नेता ओसागयेफो डॉ. क्वामे नक्रूमा को समर्पित है। यह परिसर वह स्थान है जहाँ 1957 में घाना की, ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता की घोषणा की गई थी।
इस मेमोरियल के मकबरे में डॉ. क्वामे नक्रूमा और उनकी पत्नी फातिया नक्रूमा के शव रखे हुए हैं। इमारत में एक उलटी तलवार को दर्शाया गया है, जो अकान संस्कृति में शांति की प्रतीक है। मकबरे के शीर्ष पर एक काला सितारा है जो एकता का प्रतीक है।