अप्रैल 5, 2025 9:02 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोलम्‍बो में राष्‍ट्रपति सचिवालय में श्रीलंकाई राष्‍ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ एक महत्‍वपूर्ण बैठक की है

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोलम्‍बो में राष्‍ट्रपति सचिवालय में श्रीलंकाई राष्‍ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ एक महत्‍वपूर्ण बैठक की है। दोनों नेताओं की बातचीत भारत तथा श्रीलंका के बीच निकटतम द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ बनाने पर केन्द्रित रही। दोनों नेताओं ने साझा भविष्‍य के लिए मजबूत भागीदारी के संयुक्‍त दृष्टिकोण पर प्रतिबद्धता जताई। श्री मोदी को श्रीलंका के राष्‍ट्रपति ने मित्र विभूषण से सम्‍मानित किया और कहा कि यह दोनों राष्‍ट्रों के बीच मित्रता का प्रतीक है।

    दोनों नेताओं ने सामपुर बिजली परियोजना के शिलान्‍यास समारोह में ऑनलाईन भागीदारी की। यह परियोजना एनटीपीसी और सिलोन बिजली बोर्ड संयुक्‍त रूप से पूरी करेंगे। इसका उद्देश्‍य श्रीलंका की ऊर्जा सुरक्षा में वृद्धि करना है।

    भारत दामबुल्‍ला में तापमान नियंत्रित कृषि गोदाम स्‍थापित करने में मदद करेगा। इसके अलावा पांच हजार धार्मिक संस्‍थानों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने में भारत मदद करेगा। इससे श्रीलंका में 25 मेगावॉट बिजली की वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री विपक्ष के नेता साजित प्रेमदासा और तमिल राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मिले।

    प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम कोलम्‍बो में भारतीय शांतिरक्षक बल स्‍मारक पर पुष्‍पचक्र अर्पित किया। प्रधानमंत्री इस स्‍मारक पर वर्ष 2015 में श्रीलंका की यात्रा के दौरान भी गए थे। भारतीय शांतिरक्षक बल वर्ष 1987 से 1990 तक श्रीलंका में तैनात रहा था। इस दौरान बल के एक हजार एक सौ 69 जवानों ने अपना सर्वोच्‍च बलिदान दिया था और तीन हजार से अधिक घायल हुए थे। बाद में श्रीलंका सरकार ने इनकी याद में इस स्‍मारक का निर्माण किया। 

    प्रधानमंत्री श्री मोदी ने श्री दिसानायके के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न मुद्दों पर विस्‍तृत चर्चा की। श्री मोदी ने एक संयुक्‍त बयान में कहा कि भारत श्रीलंका, पडोसी प्रथम नीति और महासागर अभियान पर जोर देता है। राष्‍ट्रपति दिसानायके ने संकट के दौरान सहयोग के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने कहा कि श्रीलंका अपनी भूमि को भारत की सुरक्षा या क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करने के लिए प्रयोग करने की अनुमति नहीं देगा।

    दोनों नेताओं ने सामपुर बिजली परियोजना के महत्‍व का उल्‍लेख किया इससे श्रीलंका बिजली निर्यात कर सकेगा।

    श्री मोदी ने श्रीलंका के विशिष्‍ट डिजीटल पहचान परियोजना को सहयोग देने और पिछले छह महीनों में श्रीलंका को दिए गए दस करोड डॉलर के ऋण को अनुदान में बदलने की घोषणा की। इससे श्रीलंका को वित्तीय मदद मिलेगी।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि दो दशमलव चार अरब श्रीलंकाई रूपये का पैकेज पूर्वी प्रांत के लिए आवंटित किया गया है। उन्‍होंने कहा कि माहो ओमनथाई रेल लाईन का कल अनुराधापुर में उद्घाटन किया जाएगा।  श्री मोदी ने कहा कि तमिलों के लिए दस हजार मकानों का निर्माण जल्‍दी पूरा किया जाएगा। त्रिंकोमली में तिरूकोणेश्‍वर मंदिर का पुनरूद्धार करने में भी मदद दी जाएगी। इसके अलावा अनुराधापुर महाबोधि मंदिर परिसर और नुवारा इलिया में सीता इलिया मंदिर बनाने में भी सहयोग होगा।

    श्री मोदी ने रक्षा क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण समझौतों का स्‍वागत भी किया।

    उन्‍होंने मछुआरों के मुद्दे के समाधान के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने को कहा और मछुआरों की तथा जब्‍त नौकाओं की वापसी तेज करने का आह्वान किया।

    श्री मोदी ने श्रीलंका के संविधान में तेरहवां संशोधन लागू करने और समय पर प्रांतीय चुनाव कराने की उम्‍मीद जताई।

    प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दिन में श्रीलंका की तमिल राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मिले। उन्‍होंने कहा कि भारत संयुक्‍त श्रीलंका के भीतर तमिल समुदाय के लिए समानता, गरिमा और न्‍याय के लिए प्रतिबद्ध है।

    श्री मोदी की श्रीलंका यात्रा उनके सम्‍मान में एक भोज के साथ सम्‍पन्‍न होगी।

 

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला