प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 27 फरवरी को गंगोत्री के शीतकालीन वास मुखवा और हर्षिल के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हर्षिल-मुखवा को सजाया-संवारा जा रहा है और युद्ध स्तर पर सड़कों व पार्किंग के निर्माण के साथ ही अन्य तैयारियों की जा रही हैं। हर्षिल स्थित सेना के हेलीपैड तक बनाई जा रही सड़क का काम भी अंतिम चरण में है।
प्रधानमंत्री हिमालय और हर्षिल घाटी के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन कर सकें, इसके लिए मंदिर परिसर में ही व्यू-प्वाइंट बनाया जा रहा है। इस बीच, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने मंदिर परिसर के निरीक्षण के बाद श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल व पंडा-पुजारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा व व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर मुखवा गांव में उत्साह का माहौल है।