मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

नवम्बर 18, 2024 8:25 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति बोला अहमद टीनुबू के साथ अबूजा में वार्ता की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति बोला अहमद टीनुबू के साथ कल अबूजा में राष्‍ट्रपति भवन में वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक भागीदारी की समीक्षा की और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के अवसरों पर चर्चा की।

 

प्रधानमंत्री मोदी और राष्‍ट्रपति टीनुबू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्‍तर की वार्ता भी हुई। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि भारत नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक भागीदारी को काफी महत्‍व देता है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा और संस्‍कृति के क्षेत्रों में लगातार सहयोग जारी है और आपसी संबंधों में बढ़ोत्तरी की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद और समुद्री डकैती जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री ने ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर से सम्‍मानित करने के लिए नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति का अभार व्‍यक्‍त किया। श्री मोदी ने कहा कि यह समस्‍त भारतीयों का सम्‍मान है। श्री मोदी ने कहा कि वह इस सम्मान को बड़ी विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं और इसे भारतीय लोगों को समर्पित करते हैं। उन्‍होंने कहा कि यह भारत और नाइजीरिया के बीच युगों से चले आ रहे रिश्‍तों का प्रमाण है।

 

श्री मोदी ने कहा कि पिछले 17 वर्षों में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया की यात्रा की है। उन्‍होंने कहा कि भारत, नाइजीरिया के बाढ़ पीड़ितों के लिए मानवीय सहायता के तौर पर 20 टन राहत सामग्री भेज रहा है। श्री मोदी ने नाइजीरिया को ब्रिक्‍स का भागीदार देश बनने पर बधाई दी। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि भारत और नाइजीरिया ग्‍लोबल साउथ से जुड़ें मुद्दों को विश्‍व मंच पर उठाते रहेंगे।

 

इससे पहले स्टेट हाउस पहुंचने पर प्रधानमंत्री का 21 तोपों की सलामी के साथ औपचारिक स्वागत किया गया।

 

वार्ता के बाद सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम, सीमा शुल्क और सर्वेक्षण सहयोग पर तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने सम्मान में आयोजित राजकीय भोज में शामिल हुए।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि अफ्रीका के साथ घनिष्ठ सहयोग भारत की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में नाइजीरिया की बड़ी भूमिका रही है। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और नाइजीरिया अफ्रीका महाद्वीप की समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया की दो दिवसीय यात्रा पर कल रात अबुजा पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री को अबुजा शहरकी चाबी भेंट की गई। यह चाबी नाइजीरिया के लोगों का प्रधानमंत्री पर किए गए भरोसे और सम्मान का प्रतीक है। नाइजीरिया में मराठी समुदाय ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिये जाने के लिए प्रधानमंत्री का अभार व्‍यक्‍त किया।