प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि ये दिन पृथ्वी पर पारिस्थितिक तंत्र को समृद्ध बनाए रखने वाली जैव विविधता का उत्सव मनाने का अवसर है। श्री मोदी ने कहा कि यह दिन वन्यजीव संरक्षण के लिए काम करने वाले सभी लोगों के प्रयासों को भी मान्यता देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के भीतर दुनिया के कुछ सबसे असाधारण वन्यजीव पाए जाते हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत में विश्वभर के 70 प्रतिशत से अधिक बाघ पाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में ही एक सींग वाले गैंडे और एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी है। श्री मोदी ने वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों पर भी जोर दिया। इनमें इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस की स्थापना भी शामिल है। ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, घड़ियाल और स्लॉथ बियर और चीतों के संरक्षण तथा स्थानांतरण से जुड़ी पहलें भी इसमें शामिल हैं।
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी विश्व वन्यजीव दिवस को पृथ्वी पर अद्भुत जैव विविधता का उत्सव बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारत अपने समृद्ध पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति सचेत है। श्री यादव ने आशा व्यक्त की कि वन्यजीव, फले-फूले और पृथ्वी को समृद्ध करें।