मार्च 2, 2026 2:03 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि भारत संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ प्रतिनिधि मंडल स्‍तर की वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा।

   

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए इसके  खिलाफ दोनों देशों का घनिष्ठ सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

   

भारत और कनाडा ने आज विभिन्न क्षेत्रों में तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें महत्वपूर्ण खनिज सहयोग, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और सांस्कृतिक सहयोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।

 

दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख मुद्दों की प्रगति का भी जायजा लिया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।

   

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का उपयोग हो सकेगा, जो हमारी प्रमुख प्राथमिकता बनी हुई है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

   

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा रक्षा उद्योगों, समुद्री क्षेत्र की जागरूकता और सैन्य आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने आज भारत-कनाडा रक्षा वार्ता स्थापित करने का निर्णय लिया है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता रखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश विविधता का सम्मान करते हैं और मानवता के कल्याण के लिए काम करने की साझा दृष्टि से एकजुट हैं।

   

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा भारत के साथ अपने संबंधों को नवीनीकृत और विस्तारित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कनाडा और भारत व्यापार, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत नींव बना रहे हैं।   

   

कनाडा के प्रधानमंत्री पिछले महीने की 27 तारीख से चार दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। पिछले साल मार्च में पदभार ग्रहण करने वाले प्रधानमंत्री कार्नी की यह भारत की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है।

 

इससे पहले आज सुबह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने भविष्योन्मुखी साझेदारी की रूपरेखा तैयार करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। बाद में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कार्नी भी भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भाग लेंगे।