फ़रवरी 25, 2026 12:50 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्राइल की यात्रा पर रवाना; रणनीतिक साझेदारी पर होगी समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह इस्राइल की यात्रा पर रवाना हुए। यह उनकी दूसरी इस्राइल यात्रा है। इस दौरान श्री मोदी इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के साथ दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक में विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था, दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर बातचीत होगी। पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श की संभावना है।

इस्राइल में भारत के राजदूत जे पी सिंह ने हमारे विशेष संवाददाता धीरज काकड़िया को बताया कि प्रधानमंत्री आज इस्राइल की संसद – क्नेसेट को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस्राइली संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय राजनेता होंगे।

श्री मोदी कल इस्राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच मजबूत और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी और सुदृढ़ होगी। इससे साझा चुनौतियों की समीक्षा के साथ-साथ दो मजबूत लोकतंत्रों के बीच सुदृढ़ साझेदारी होगी और इससे साझा दृष्टिकोण की दिशा में प्रयासों को पुनर्गठित करने का अवसर प्राप्‍त होगा।