फ़रवरी 13, 2026 9:37 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह दिवस रेडियो से जुड़े लोगों के प्रयासों को सम्मान देने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि रेडियो एक ऐसा माध्यम है जो दूर-दराज के गांवों से लेकर व्यस्त शहरों तक लोगों को एक विश्वसनीय आवाज के रूप में सेवाएं देता है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वर्षों से रेडियो ने समय पर सूचनाएं पहुंचाने, प्रतिभाओं को मंच देने और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है।

अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने समाज की शक्ति को उजागर करने में रेडियो क्षमता का अनुभव किया है।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से इस महीने की 22 तारीख को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए अपने सुझाव साझा करने का भी आग्रह किया है।