प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रीय राजधानी में स्थित सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 तथा 2 का औपचारिक उद्घाटन किया। श्री मोदी आज शाम को सेवा तीर्थ में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी की आधुनिक, कुशल, सुलभ और नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय स्थित हैं, जो पहले अलग-अलग स्थानों पर थे। नए भवन परिसरों में आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार सुविधाओं के भीतर प्रशासनिक कार्यों को समेकित किया गया है।
कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालय स्थित हैं।
दोनों भवन परिसरों में डिजिटल रूप से एकीकृत कार्यालय, सुव्यवस्थित सार्वजनिक संपर्क क्षेत्र और केंद्रीकृत स्वागत सुविधाएं मौजूद हैं। ये सुविधाएं सहयोग, दक्षता, सुचारू संचालन, नागरिकों की बेहतर भागीदारी और कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ावा देंगी। भवन परिसरों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है, जैसे स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, निगरानी नेटवर्क और उन्नत आपातकालीन प्रतिक्रिया अवसंरचना, जो अधिकारियों और आगंतुकों के लिए एक सुरक्षित और सुलभ वातावरण सुनिश्चित करती है।