फ़रवरी 6, 2026 10:30 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दो दिन की मलेशिया यात्रा पर कुआलालंपुर के लिए रवाना होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह दो दिन की मलेशिया यात्रा पर कुआलालंपुर के लिए रवाना होंगे। यह प्रधानमंत्री की मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी। अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर ले जाने के बाद यह पहली यात्रा होगी। यात्रा के दौरान श्री मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा के साथ ही 10वां भारत-मलेशिया मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी फोरम भी आयोजित होने वाला है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और मलेशिया ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित दीर्घकालिक मैत्री के बंधन को साझा करते हैं। यह संबंध मलेशिया में 29 लाख मजबूत प्रवासी भारतीयों की उपस्थिति से और मजबूत होता है। यह दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा समुदाय है। मंत्रालय ने कहा कि भारत-मलेशिया संबंध बहुआयामी हैं। ये संबंध और आगे बढ़ रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा दोनों नेताओं के लिए व्यापार और निवेश, रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग से लेकर डिजिटल और वित्तीय प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन, लोगों से लोगों के बीच के संबंधों तक द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा करने का अवसर है। साथ ही यह यात्रा आपसी लाभ के लिए भविष्य की भागीदारी का मार्ग प्रशस्त करने का भी अवसर है।

संवाददाताओं को आगामी यात्रा के बारे में कल जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा कि यह यात्रा अगस्त 2024 में मलेशिया के प्रधानमंत्री की राजकीय यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाने के डेढ़ साल के भीतर हो रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा मलेशिया के साथ संबंधों के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सचिव (पूर्व) ने कहा कि यह यात्रा आसियान क्षेत्र के साथ जुड़ाव बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख क्षेत्रों के मलेशिया के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे। श्री कुमारन ने कहा कि मलेशिया आसियान में भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, जिसका द्विपक्षीय व्यापार लगभग 20 अरब डॉलर है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला