जनवरी 9, 2026 3:04 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से तीन दिन की गुजरात यात्रा पर जाएंगे। श्री मोदी शाम को सोमनाथ पहुंचेंगे और ओंकार मंत्रोच्‍चारण में शामिल होंगे। वे सोमनाथ मंदिर में ड्रोन शो भी देखेंगे।

प्रधानमंत्री रविवार को शौर्य यात्रा में भाग लेंगे। यह यात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राण न्‍यौछावर करने वाले अनगिनत योद्धाओं के सम्‍मान में आयोजित की गई है। श्री मोदी सोमनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री सोमनाथ स्‍वाभिमान पर्व में भी हिस्‍सा लेंगे।

इसके बाद, प्रधानमंत्री राजकोट जाएंगे और कच्‍छ तथा सौराष्‍ट्र क्षेत्र के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्‍मेलन में शामिल होंगे। श्री मोदी इस सम्‍मेलन में एक व्‍यापार मेला और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री राजकोट से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे। वे सेक्टर 10ए से महात्मा मंदिर तक अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे।