केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वे आज असम के नागांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार असम और पूरे पूर्वोत्तर में शांति स्थापित करने और विकास को गति देने में सफल रही है। उन्होंने इसके पहले बटाद्रवा थान में महापुरुष श्रीमंत शंकर देव आर्विभाव क्षेत्र का उद्घाटन किया। इस क्षेत्र का पुनर्विकास किया गया है।
गृहमंत्री ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए राज्य में धीमे रहे विकास के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बाद में गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के नए भवन और शहरी सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित एकीकृत शहर निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया। उन्होंने गुवाहाटी में पांच हजार सीटों वाले सभागार ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक परिसर का भी उद्घाटन किया।
पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले, गृहमंत्री ने गुवाहाटी में नवनिर्मित शहीद स्मारक क्षेत्र में असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा और अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।