भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड ने बिहार के मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। एक कुशल संगठनात्मक नेता के रूप में ख्याति प्राप्त नबीन वर्तमान में पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। श्री नबीन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं।
नबीन भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। 45 वर्ष की आयु में नबीन पार्टी के इतिहास में सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। वे बिहार से इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले भाजपा नेता हैं।
लगभग दो दशकों के संगठनात्मक अनुभव के साथ, नबीन ने पार्टी के भीतर कई महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी का पदभार भी सम्भाला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि नितिन नबीन ने पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन एक युवा और कर्मठ नेता हैं और उनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है तथा बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। उन्होंने कहा कि नबीन विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन की ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नितिन नबीन को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि श्री नबीन के संगठनात्मक कौशल, अनुभव और युवा नेतृत्व से निश्चित ही संगठन को नई ऊर्जा और नया विस्तार प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने श्री नबीन को उनके सफल और प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ भी दी।