प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक से कल टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान श्री मोदी ने देश के संकटग्रस्त लोगों को बचाव और राहत प्रदान करने के ऑपरेशन सागर बंधु के अंतर्गत श्रीलंका को भारत की निरंतर सहायता का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने महासागर परिकल्पना और सबसे पहले सहायता प्रदाता की स्थिति के अनुरूप श्रीलंका को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करना जारी रखने का आश्वासन दिया। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति दिसानायक ने भारत की आपदा में सहायता के लिए आभार व्यक्त करते हुए बचाव दलों और राहत सामग्री की त्वरित आपूर्ति के लिए सराहना की। उन्होंने भारत के इन प्रयासों के लिए श्रीलंका के लोगों की ओर से भी आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने चक्रवात दित्वा के कारण श्रीलंका में हुई जान-माल की हानि और व्यापक तबाही पर अपनी संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत के लोग इस संकट की घड़ी में श्रीलंका के लोगों के साथ पूरी एकजुटता के साथ हैं।
Site Admin | दिसम्बर 2, 2025 8:20 पूर्वाह्न
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत की; चक्रवात दित्वा से हुई तबाही के बाद निरंतर सहायता का आश्वासन दिया