प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के समुद्री क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए 2 लाख 20 हजार करोड़ रुपये की सार्थक पहल शुरू की है। कल मुंबई में मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत जहाज निर्माण में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत के बंदरगाह दुनिया के सबसे कुशल बंदरगाहों में आते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय बंदरगाहों ने इस वर्ष अब तक का सबसे ज़्यादा व्यापार का नया रिकॉर्ड बनाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शिपिंग क्षेत्र में कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इस क्षेत्र में लाखों करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में 85 देशों की मौजूदगी है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत का समुद्री क्षेत्र बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह भारत के शिपिंग सेक्टर में काम करने और उसे बढ़ाने का सही समय है। उन्होंने मैरीटाइम ह्यूमन रिसोर्स में भारत की बढ़ती ताकत पर ज़ोर देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में भारतीय नाविकों की संख्या सवा लाख से बढ़कर तीन लाख से ज़्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि आज, नाविकों की संख्या के मामले में भारत दुनिया के टॉप तीन देशों में शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि वैश्विक तनाव, व्यापार में रुकावटों और बदलती सप्लाई चेन के बीच भारत सबको साथ लेकर चलने वाले विकास का प्रतीक है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, शांतनु ठाकुर और कीर्ति वर्धन सिंह, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद थे।